Tuesday, January 8, 2019

पंत की भारतीय विकेटकीपर के तौर पर सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग, 17वें नंबर पर पहुंचे

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर रहे ऋषभ पंत को बल्लेबाजी रैंकिंग में भी 21 पायदान का फायदा हुआ है। वे आईसीसी की टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में 17वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इस नंबर पर पहुंचने वाले वे फारुख इंजीनियर के साथ संयुक्त रूप से पहले भारतीय विकेटकीपर बन गए हैं। हालांकि, ऋषभ के रेटिंग अंक उनसे ज्यादा हैं।

पंत ने 46 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी की
विशेषज्ञ विकेटकीपर के तौर पर जनवरी 1973 में बल्लेबाजी रैंकिंग में 17वें नंबर पर पहुंचे थे। हालांकि, उनके रेटिंग अंक कभी भी 619 से ज्यादा नहीं रहे, जबकि पंत के उनसे 24 रेटिंग अंक ज्यादा हैं।

ऋषभ रैंकिंग में भारत के हाइएस्ट विकेटकीपर बल्लेबाज बनने के अलावा रेटिंग अंक के मामले में भी टॉप भारतीय विकेटकीपर बन गए हैं। उनके अब 673 रेटिंग अंक हो गए हैं।

उनसे पहले विकेटकीपर के तौर पर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के सबसे ज्यादा 662 रेटिंग अंक थे। हालांकि, धोनी रैंकिंग में कभी भी 19वें स्थान से ऊपर नहीं पहुंच पाए।

2016 में आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में नेपाल के खिलाफ 18 गेंद पर अर्धशतक लगाने वाले पंत अपने नौवें टेस्ट के बाद ही रैंकिंग में अंडर-20 में पहुंचने में सफल हो गए हैं।

पंत ने जब ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत की थी, तब वे टेस्ट रैंकिंग में 59वें नंबर पर थे। इसके बाद उन्होंने सीरीज में सात पारियों में 58.33 की औसत से 350 रन बनाए और टॉप-20 में पहुंच गए।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टॉप स्कोरर रहे चेतेश्वर पुजारा को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। वे एक पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ा।

ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा बल्लेबाजी रैंकिंग छह स्थान ऊपर चढ़े हैं। अब वे 57वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वे ऑलराउंडर रैंकिंग में भी एक स्थान का फायदा हुआ है। अब वे दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।

जडेजा को गेंदबाजी रैंकिंग में भी एक स्थान का फायदा हुआ। अब वे 5वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके अलावा मोहम्मद शमी 23वें से 21वें, कुलदीप यादव 52वें से 45वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

नए ओपनर मयंक अग्रवाल को भी पांच स्थान का फायदा हुआ है। अब वे 62वें नंबर पर हैं। सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के टॉप स्कोरर रहे मार्क्स हैरिस भी 21 स्थान ऊपर चढ़कर 69वें नंबर पर पहुंच गए हैं।